इराक सरकार ने बाबिल प्रांत के जर्फ अल-सख्र इलाके में सशस्त्र बलों को भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। सरकार ने कथित तौर पर कताइब हिजबुल्लाह के लड़ाकों को शुक्रवार तक यह इलाका खाली करने का समय दिया है।
अल जजीरा के मुताबिक, इराकी सरकार के प्रवक्ता हैदर अल-अबूदी ने बताया कि इराकी सेना जल्द ही जर्फ अल-नसर में प्रवेश करेगी। उन्होंने कहा कि जांच समिति ने इलाके में तेल पाइपलाइन से छेड़छाड़, तेल रिफाइनरियों और भंडारण टैंकों की मौजूदगी का भी पता लगाया है।
इराक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने अल जजीरा को बताया कि बाबिल प्रांत के जर्फ इलाके में बड़े सैन्य और सुरक्षा अभियान की तैयारियां शुरू हो गई हैं। अधिकारी के मुताबिक, सरकार ने कताइब हिजबुल्लाह के लड़ाकों के लिए शुक्रवार को इलाका छोड़ने की आखिरी समय-सीमा तय की है।
हाल के दिनों में जर्फ अल-सख्र इलाके से तेल की तस्करी किए जाने के आरोप सामने आए हैं। यह इलाका कताइब हिजबुल्लाह के नियंत्रण में बताया जाता है। हालांकि, संगठन ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है।
तेल तस्करी से जुड़े आरोप सामने आने के बाद इराकी सेना ने जर्फ अल-सख्र के आसपास अपनी तैनाती बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि कताइब हिजबुल्लाह को दी गई समय-सीमा खत्म होने के बाद सेना इलाके में दाखिल होने के लिए तैयार है।
आपकी टिप्पणी